गौरीफंटा। भारत-नेपाल सीमा स्थित बनगंवा मंडी बुधवार को उस समय अखाड़े में बदल गई, जब सामान लेने पहुंचीं नेपाली महिलाओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुखबिरी कर माल पकड़वाने का आरोप लगाया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिलाओं के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
हंगामा इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव के लिए व्यापारियों को आगे आना पड़ा। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि नेपाल सरकार की तरफ से घरेलू सामानों की आवाजाही पर लगाई गई अघोषित पाबंदियों के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। कैलाली और कंचनपुर जिलों के लिए बनगंवा मंडी से जंगल और मोहाना नदी के घाटों के रास्ते बड़े पैमाने पर सामान की तस्करी की जा रही है।
बुधवार को महिला कैरियर्स का एक समूह मंडी पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद दूसरे गुट से कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की महिलाओं ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
महिलाओं ने एक-दूसरे पर नेपाल पुलिस और कस्टम विभाग को सूचना देकर माल पकड़वाने का आरोप लगाया। बाद में स्थानीय दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया।