पुलिस हिरासत में नागमणि के बहाने तीन लाख की ठगी का आरोपी। संवाद
निघासन (खीरी)। नागमणि देने का झांसा देकर नेपाली नागरिकों से तीन लाख रुपये की ठगी के मामले में पढ़ुआ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नेपाल के ललितपुर के गोदावरी वाडे गांव निवासी कृष्ण पहरी, गोरखा जिले के शिवालया-14 निवासी अर्जुन और तनहु जिले के बंदिपुर वार्ड नंबर एक निवासी भक्त बहादुर विक ने आठ अगस्त को पढ़ुआ थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि निघासन कोतवाली क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव निवासी कमलेश कुमार ने साथियों के साथ मिलकर नागमणि देने का झांसा देकर उनसे तीन लाख रुपये ले लिए। बाद में नागमणि नहीं दी और रुपये भी वापस नहीं किए।
तहरीर के आधार पर पढ़ुआ पुलिस ने कमलेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत बीएनएस की अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। रविवार को मल्लबेहड़-दुलही पुल के पास उसे गिरफ्तार कर तलाशी में तीन लाख रुपये बरामद किए गए। कमलेश कुमार हरसिंहपुर, थाना निघासन का निवासी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
सीओ शिवम कुमार ने बताया कि नेपाली नागरिकों को नागमणि देने का झांसा देकर रुपये ठगने की शिकायत मिली थी। साक्ष्यों के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है।