नेपाल में 50 रुपये का नया नोट। स्रोत : सोशल मीडिया
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाली बाजार में 50 और 1000 रुपये के नए नोट प्रचलन में आ गए हैं। नेपाल राष्ट्र बैंक ने आधुनिक सुरक्षा मानकों और नए डिजाइन वाले दोनों नोट आधिकारिक तौर पर जारी किए हैं।
केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि नए नोट आने के बाद भी पुराने नोट पहले की तरह वैध रहेंगे और उनका लेन-देन जारी रहेगा। दोनों नए नोटों पर गवर्नर डॉ. विश्वनाथ पौडेल के हस्ताक्षर हैं।
केंद्रीय बैंक के अनुसार, 50 रुपये के नए नोट का आकार पहले जैसा ही रखा गया है। इसके आगे की तरफ बाईं ओर माउंट एवरेस्ट की तस्वीर और दाईं ओर नेपाल के राष्ट्रीय फूल लाली गुरांस का वॉटरमार्क है। इसके ठीक नीचे अंकों में 50 लिखा है।
सुरक्षा के लिए इसमें 1.2 मिलीमीटर का सुरक्षा धागा लगाया गया है, जो रोशनी के सामने करने पर चमकता है और उस पर एनआरबी दिखाई देता है। नोट के पिछले हिस्से में हिम तेंदुए की तस्वीर है। वहीं, 24 सितंबर को जारी 1000 रुपये का नया नोट भी धनगढ़ी समेत अन्य बाजारों में प्रचलन में आ गया है। इस नोट के रंग में बदलाव किया गया है। इसके बैंगनी बॉर्डर के अंदर हल्का हरा रंग दिखाई देता है।
1000 रुपये के नए नोट के सामने की तरफ माउंट एवरेस्ट, लाली गुरांस का फूल और वॉटरमार्क में 1000 अंकित है। इसकी खासियत दृष्टिबाधित नागरिकों के लिए दी गई सुविधा है। वे नोट को छूकर पहचान सकें, इसके लिए उस पर उभरी हुई रेखाओं के साथ रोमन अक्षर ‘एम’ अंकित किया गया है। इससे नोटों की पहचान में सुविधा मिलने और नकली नोटों पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नेपाल में 50 रुपये का नया नोट। स्रोत : सोशल मीडिया