लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच अगस्त को अयोध्या आगमन को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी है। एसएसबी समेत सीमा सुरक्षा से जुड़ी खुफिया एजेंसियां सीमा पर कड़ी निगरानी कर रही हैं। एसएसबी के साथ मिलकर पुलिस जंगलों के रास्तों पर पेट्रोलिंग कर चेकिंग कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच अगस्त को अयोध्या आने का कार्यक्रम है। वह राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। खुफिया विभाग को भूमि पूजन से पहले पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा और जैश ए मोहम्मद से जुड़े आतंकियों के हमले का इनपुट मिला था। भारत-नेपाल की खुली सीमा पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों से सटी है। इनपुट मिलने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस जवान बॉर्डर पर 24 घंटे ड्यूटी कर कड़ी निगहबानी कर रहे हैं। उच्च अफसरों के आदेश पर पुलिस और एसएसबी की टीम संयुक्त रूप से सीमा के जंगली रास्तों पर पेट्रोलिंग कर रही हैं। इसके अलावा पीलीभीत और बहराइच जिलों से जुड़ी सीमा पर भी पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। एसपी सत्येंद्र कुमार खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। सीमा सुरक्षा में लगी आईबी और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) भी चौकन्ना है।
जो भी इनपुट मिले हैं। उसी के आधार पर नेपाल बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उच्च अफसरों के आदेश पर एसएसबी और पुलिस संयुक्त पेट्रोलिंग कर रही है। 24 घंटे ड्यूटी कर पुलिस जवान सतर्क नजर रख रहे हैं। एक-दूसरे जिलों से जुड़ी सीमाओं पर भी चेकिंग कराई जा रही है।
- अरुण कुमार सिंह, एएसपी