नया पिंड पर संकट
तिकुनिया इलाके में मोहाना नदी इस बार खैरटिया बांध मार्ग किनारे कहर बरपा रही है। नदी की कटान से नया पिंड गांव पर संकट मंडराने लगा है। नायब तहसीलदार हरेराम ने गांव में मुनादी करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। सोमवार सुबह 11 बजे नायब तहसीलदार हरेराम नाव से नया पिंड गांव पहुंचे।
गांव में माइक से उद्घोषणा कराकर ग्रामीणों को बांध के पार बने गुरुद्वारा में शरण लेने को कहा। गांव में 84 घर हैं। इन पर कटान का खतरा मंडरा रहा है। नायब तहसीलदार ने बताया कि कटान तेजी से हो रहा है। गांव निवासी हकमी बाई, राजजो बाई, गुरमीत सिंह, मंगत सिंह, चरणजीत सिंह, मलकेश सिंह के घर कटान के निशाने पर हैं।
शारदा नदी ने तेज किया कटान, खतरे में तटबंध
ईसानगर खीरी क्षेत्र के ग्राम खनवापुर के निकट शारदा नदी अपने रौद्र रूप में है। नदी तेजी से तटबंध की तरफ बढ़ रही है। इससे ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गई हैं। अगर तटबंध कटा तो दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ जाएंगे। नदी ने तटबंध का कटान भी शुरू कर दिया है। यह देख ग्रामीण भयभीत हैं। करीब दर्जन भर गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने तटबंध काटने की सूचना अधिकारियों को दी है।
नानपारा-मैलानी रेलवे ट्रैक को भी खतरा
खैरटिया में बांध मार्ग पर नानपारा-मैलानी का रेलवे ट्रैक स्थित है। ट्रैक से नदी करीब 200 मीटर पर तेजी से कटान कर रही है। इसके चलते रेलवे लाइन को भी खतरा उत्पन्न हो गया है।