फरधान। गांव के खेल मैदान पर चल रहे नाइट टूर्नामेंट में नयागांव की टीम ने फरधान चौराहा की टीम को हराकर फाइनल मैच में जगह पक्की कर ली। अविरल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट के 14वें दिन दूसरा सेमीफाइनल मैच नयागांव और फरधान चौराहा टीम के बीच हुआ। इसमें फरधान चौराहा टीम के कप्तान शुभम मिश्र ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। फरधान चौराहा की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 64 रन बनाए। फरधान चौराहा टीम के शुभम के 24 रन के अलावा अन्य कोई भी खिलाड़ी दहाई का अंक हासिल नहीं कर सका। नयागांव टीम की तरफ से बाॅलिंग करते हुए आदर्श कुमार, आमिर और आशिफ ने दो-दो विकेट झटके।
65 रनों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उतरी नयागांव टीम की बैटिंग बहुत ही कमजोर रही। शुरुआत के तीन ओवर में चार विकेट खो दिए। उसके बाद अविरल और सुमित ने कुछ देर संभलकर बल्लेबाजी कर टीम के लिए 20 रनों की साझेदारी की। फरधान चौराहा टीम की खराब फील्डिंग के चलते अंतिम ओवर में नयागांव की टीम ने 65 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए मैच जीत लिया।
नयागांव की टीम के अविरल को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इस मौके पर आयोजक रिंकू वर्मा, रामू वर्मा, कौशल वर्मा, अंकुल वर्मा, मुकेश वर्मा, रामपाल वर्मा, बिरला वर्मा, मनजीत कुमार, शत्रोहन लाल और ओमप्रकाश समेत गांव के सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।