लखीमपुर खीरी। मितौली के जवाहर नवोदय विद्यालय में तैनात एक शिक्षक को कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया जा रहा है कि बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात एक शिक्षिका सोशल मीडिया के माध्यम से उसके संपर्क में आई थी। इसके बाद शिक्षक ने शिक्षिका के ही कमरे पर उससे दुष्कर्म किया। मंगलवार देर रात आरोपी शिक्षक को स्कूल कैंपस से गिरफ्तार किया गया है।
शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि कौशांबी जिले का रहने वाला राजू सरोज जवाहर नवोदय विद्यालय मितौली में शिक्षक है। शिक्षक स्कूल कैंपस में ही बने आवास में रह रहा था। इसी दौरान आरोपी शिक्षक का बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात एक शिक्षिका से संपर्क हुआ। दोनों के बीच काफी दिनों तक बातचीत होती रही। धीरे-धीरे दोनों की जान पहचान हुई तो आरोपी राजू सरोज महिला के कमरे पर पहुंचा, जहां पर शिक्षिका को अकेले पाकर उसने उससे दुष्कर्म किया। महिला शिक्षिका का आरोप है कि फोटो आदि के माध्यम से उसे आरोपी लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल ने बताया कि महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की जांच हो रही थी। जांच में पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले। इसके आधार पर आरोपी राजू सरोज की गिरफ्तारी की गई है। उसे जेल भेजा जा रहा है।