मितौली। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए 14 विद्यार्थियों की प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। इनसे चार जुलाई तक जरूरी कागजात तैयार कर जमा करने के लिए कहा गया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए 18 जनवरी 2025 को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर चयन परीक्षा हुई थी। 25 मार्च को घोषित नतीजों में 80 सीटों के लिए चयन सूची जारी हुई थी। इसी के साथ ही चयन प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रधानाचार्य एसके सक्सेना ने बताया कि 80 बच्चों में 14 ने निजी कारणों के चलते प्रवेश लेने से मना कर दिया।
शेष 66 बच्चों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर उन्हें हाॅस्टल आवंटित कर दिया गया है। उनकी कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। रिक्त हुई 14 सीटों के लिए प्रतीक्षा जारी कर दी गई है। उनकी भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयनित विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को स्कूल बुलाकर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश देते हुए प्रवेश संबंधी फॉर्म दिए गए हैं। चार जुलाई के बाद कागजातों की जांच के बाद बच्चों को जल्द ही प्रवेश दिया जाएगा। संवाद