पुलिस हिरासत में नरेंद्र पंत की हत्या का आरोपी ओमप्रकाश नटाला। स्रोत : पुलिस
तिकुनिया। मोहल्ला बगिया निवासी नरेंद्र पंत उर्फ बबलू डाॅन की हत्या की वारदात का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। ग्राम सुथना बरसोला निवासी ओम प्रकाश उर्फ नटाला ने नशे में आकर आपस में हुए विवाद के बाद सिर पर सिलिंडर मारकर और पेंट से गला कसकर नरेंद्र की हत्या की थी। पुलिस ने ओमप्रकाश को नवीन मंडी पलिया संपूर्ण नगर मार्ग से गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।
मोहल्ला बगिया में एक दिसंबर को नरेंद्र पंत उर्फ बबलू डॉन के मकान से बदबू आने पर पुलिस ने ग्रामीणों को सूचना दी। घर के बाहर मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़कर पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो नरेंद्र का सड़ा हुआ शव चारपाई पर रजाई के नीचे मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर उसकी हत्या की पुष्टि हुई थी। नरेंद्र के भाई भुवन चंद पुत्र केशव चंद्र पंत निवासी ग्राम पोस्ट पंत कोटली थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाया था।
हत्या के 14 दिन बाद पुलिस ने ग्राम सुथना बरसोला निवासी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि नरेंद्र के घर के कमरे में नशे के चलते विवाद हुआ था। वह पहले से वहां आता-जाता था। पुलिस ने ओमप्रकाश नटाला को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। संवाद