रमियाबेहड़। कस्बे के रकेहटी चौराहे पर रविवार देर रात बाइक सवार युवकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
रात करीब दस बजे ढखेरवा मार्ग की ओर से एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर सिंगाही की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रकेहटी चौराहे पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस पर युवकों और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जाता है कि पुलिस बाइक को अपने साथ थाने ले गई। बाइक सवार युवक पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव दरेरी के निवासी बताए जा रहे हैं। इस संबंध में निघासन कोतवाली प्रभारी अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक कागजात न होने के कारण बाइक को सीज कर दिया गया है।