रमियाबेहड़। नारकोटिक्स कंट्रोल और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सोमवार को सिंगाही निवासी व्यापारी नेता राजीव गुप्ता के आवास और प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे एसएसबी के वाहनों का काफिला बस स्टैंड स्थित दुकान के सामने पहुंचा। इसके बाद जवानों ने महिला कर्मियों के साथ घर में प्रवेश कर जांच शुरू की। कुछ देर बाद टीम ने राजीव गुप्ता के बालकराम पुरवा स्थित आवास और निघासन मार्ग पर स्थित दुकानों में भी तलाशी अभियान चलाया।
कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने बिना परिचय बताए इतना कहा कि यह नारकोटिक्स कंट्रोल और एसएसबी का संयुक्त अभियान है। हालांकि जांच के कारणों और कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
संयुक्त टीम की कार्रवाई के बाद कस्बे में विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोग कार्रवाई के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाते रहे।