धौरहरा। खमरिया थाना क्षेत्र के रैनी समदहा गांव के पास शारदा नदी का बंधा कार्य चल रहा था। तभी कुछ लोगों ने बंधे से बालू भरकर ले जाने की कोशिश। मुंशी ने मना करते हुए वीडियो बना लिया। उस समय तो आरोपी चले गए, बाद में बाइक से आए दो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खमरिया थाना क्षेत्र के रैनी समदहा गांव के पास शारदा नदी पर बंधा निर्माण गोरखपुर की ठेकेदार बेबी साही करा रही हैं। बंधे की देखरेख मुंशी अमन पटेल पुत्र धर्मेंद्र पटेल निवासी परसिया थाना भिठौली जिला महराजगंज करते हैं। मुंशी अमन पटेल के मुताबिक, बुधवार को 10 से 12 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आए और बंधे से निकली बालू भरकर ले जाने लगे। जब मुंशी ने वीडियो बनाने के बाद शिकायत की बात की तो सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चले गए।
इसके कुछ देर बाद बाइक से आरोपी जयप्रकाश निवासी सरगड़ा थाना खमरिया अपने एक अन्य साथी के साथ आए और उसे गालियां देते हुए मारा-पीटा। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक़, रैनी समदहा गांव से अवैध बालू खनन का कारोबार चलता है। इसी के चलते आए दिन मारपीट भी होती रहती है। प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि अवैध बालू खनन का विरोध करने पर मुंशी से मारपीट का मामला सामने आया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।