पलियाकलां। जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए नगर पालिका परिषद पलिया ने पालिका आपके वार्ड कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता की इस अनूठी पहल का लोगों ने जमकर स्वागत किया है। यहां के प्रसिद्ध पांडेबाबा मंदिर में आयोजित इस जन संवाद और समस्या समाधान कार्यक्रम में मोहल्ला पांडेबाबा, पठान-4, बाजार प्रथम के नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से सीधे मुखातिब होकर उनके सुझाव सुने और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक में वार्ड सदस्य मुबारक अली, पवित्र प्रकाश और इस्लामुद्दीन ने भी जनता के साथ संवाद किया और अपनी बात रखी। यहां नागरिकों ने अपनी दिक्कतें बताईं। कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने जनता द्वारा उठाए गए प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित संज्ञान लेने के निर्देश दिए।