बड़ागांव भूड़ में महिला अनीता की मौत के मामले में पुलिस ने पीड़ित मां की
ओर से दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में कार्रवाई करते हुए
पुलिस ने आरोपी पति और सास को हिरासत में लिया है।
शव मिलने के बाद पति ने दुराचार बाद पत्नी की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
बताते
चलें कि बड़ागांव निवासी राममिलन गुप्ता की पत्नी अनीता की सोमवार को एक
गन्ने के खेत में लाश मिली थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि उसके कपड़े
अस्त-व्यस्त और चूड़ियां टूटी मिलने से पति ने दुराचार के प्रयास में
हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। जबकि मौके पर पहुंचे गोला
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊंची भूड़ निवासी मायके पक्ष ने दहेज हत्या का
आरोप लगाया था। पीड़ित मां मीना देवी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर
रिपोर्ट लिखाने की गुजारिश की थी। गुरुवार को पुलिस ने मामले में दहेज
हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति राममिलन और उसकी मां को हिरासत में ले
लिया है। प्रभारी निरीक्षक कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम
रिपोर्ट और जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का लग रहा है।
इसी के आधार पर कार्रवाई की गई है।