पलिया तहसीलदार कक्ष के बाहर धरने पर बैठे मां-पुत्र। संवाद
- फोटो : mathura
पलियाकलां। क्षेत्र के नगला गांव निवासी एक मां अपने पुत्र के साथ बुधवार को तहसीलदार कक्ष के सामने धरने पर बैठ गई। आरोप था कि बीते कई सालों से वह अपनी जमीन पर कब्जा पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस ने पहुंचकर महिला व उसके पुत्र को समझाया।
नगला गांव निवासी संजीदा बेगम पत्नी स्व इंतजार हुसैन ने बताया कि नगला गांव में ही उसकी 30 डिसमिल जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। कई बार शिकायती पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेखपाल ने मौके पर जाकर पैमाइश भी कराई, लेकिन विपक्षी व उसके पुत्र वाद-विवाद करने लगते हैं। इस वजह से उनको कब्जा नहीं मिल पा रहा है।
आरोप लगाया कि कानूनगो व लेखपाल ने उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत भी मांगी, लेकिन न देने पर वह सालों से तहसील व अधिकारियों के चक्कर काटने के लिए ही विवश हैं। मामले में महिला ने पुलिस बल भेजकर उसकी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। धरने की खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला व उसके पुत्र को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही अधिकारियों के कहने पर पुलिस बल के साथ जमीन पर आकर मामले का निपटारा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों माने। मामला तहसील परिसर में खासा चर्चा का विषय बना रहा।