लखीमपुर खीरी। समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की रविवार को प्रारंभिक परीक्षा जिले के 36 केंद्रों पर हुई, जिनमें कुल 6,925 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
हालांकि, परीक्षा में कुल 14,849 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 7,924 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई, जिसमें सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी के प्रश्न पूछे गए। परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए निगरानी में सीसी कैमरों और बायोमीट्रिक पहचान प्रणाली के तहत पूरी व्यवस्था की गई।
हर परीक्षार्थी की तलाशी और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई। डीएम डॉ. दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, एडीएम व जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, कंट्रोल रूम, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और शौचालयों की स्थिति को परखा।
परीक्षा में कुल 980 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे, जबकि उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी में लगा रहा। डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दीं। अभ्यर्थियों ने सामान्य अध्ययन के पेपर में कुछ सवालों को फंसाने वाला बताया।
-
पेपर का स्तर मध्यम से कठिन था। सामान्य अध्ययन में समय प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती थी, क्योंकि कुछ सवालों को हल करने में ज्यादा समय लगा। हिंदी का पेपर ठीक था, लेकिन सामान्य अध्ययन में करंट अफेयर्स के सवाल अप्रत्याशित थे, यह परीक्षा दोबारा दी है।
- संगीता
दूसरी बार यह परीक्षा दे रही हैं, सामान्य अध्ययन का पेपर समय लेने वाला था, खासकर करंट अफेयर्स और संविधान से जुड़े सवालों ने थोड़ा परेशान किया। हिंदी का पेपर अपेक्षाकृत आसान था, लेकिन समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा।
- प्रिंसी बाजपेई
सामान्य हिंदी का पेपर आसान था, पर विलोम और पर्यायवाची के सवालों में उलझन हुई। विकल्प इतने करीब थे कि सही जवाब चुनने में दिमाग लगाना पड़ा। कुल मिलाकर तैयारी अच्छी थी इसलिए पेपर पास करने लायक था। फिलहाल पेपर अच्छा हुआ।
- शिल्पी
परीक्षा केंद्र जीजीआईसी में चेकिंग के दौरान लाइन में खड़ी अभ्यर्थी। संवाद
परीक्षा केंद्र जीजीआईसी में चेकिंग के दौरान लाइन में खड़ी अभ्यर्थी। संवाद
परीक्षा केंद्र जीजीआईसी में चेकिंग के दौरान लाइन में खड़ी अभ्यर्थी। संवाद
परीक्षा केंद्र जीजीआईसी में चेकिंग के दौरान लाइन में खड़ी अभ्यर्थी। संवाद