लघु और सीमांत किसानों में कर्ज माफी की घोषणा से खुशी
प्रदेश सरकार की कर्ज माफी योजना से जिले के करीब 4.50 लाख लघु और सीमांत किसान लाभान्वित होंगे। ढाई एकड़ भूमि वाले किसान लघु और पांच एकड़ वाले सीमांत किसान की श्रेणी में आएंगे।
जिले में विभिन्न बैंकों की कुल 328 बैंक शाखाएं संचालित हैं। लीड बैँक मैनेजर एके द्विवेदी के मुताबिक यह संख्या अनुमानित है। जिले में किसानों पर 41 अरब से ज्यादा का कर्ज बकाया है। इसमें 2.11 अरब का एनपीए भी शामिल है। सरकार का आदेश आने के बाद कर्ज माफी के लिए जरूरी प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।
जिले में इलाहाबाद बैैंक ने 13 अरब एक करोड़ सात लाख 27 हजार रुपये कर्ज दे रखा है। कुल 17 कामर्शियल बैंकों ने 23 अरब 70 करोड़ 68 लाख 73 हजार रुपये ऋण दिया है। इसी तरह 13 प्राइवेट बैंकों ने एक अरब 20 करोड़ 57 लाख 67 हजार, 81 सहकारी बैंकों ने सात अरब 46 करोड़ 66 लाख 99 हजार, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की 75 शाखाओं ने आठ अरब 68 करोड़ 23 लाख 81 हजार रुपये ऋण बांटा है।
खुश हुए किसान
1.
बांकेगंज क्षेत्र के कोठीपुर गांव निवासी किसान प्रमोद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छोटे किसानों का कर्जा माफ कर उनके जीवन को खुशियों से भर दिया है। अब वे इस बचे हुए पैसों से अपने परिवार की खुशियां खरीद सकेंगे।
2.
बांकेपुर निवासी तारा सिंह का कहना है कि खेती किसानी के लिए लिया कर्ज कभी मौसम की बेरुखी तो कभी फसल का उचित मूल्य न मिल पाने के कारण अदा नहीं कर पाए। कर्ज माफी से सिर से बड़ा बोझ हट गया है। इसकी उन्हें खुशी है।
3
अमीननगर के रामू कर्ज माफी की घोषणा से बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि कर्ज माफी कर सरकार ने छोटे किसानों को नया जीवन दिया है। कड़ी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा कर्ज में ही निकल जाता था। इससे घर की जरूरतें पूरी नहीं हो पाती थीं।
4.
कलीमपुर के किसान अशोक कुमार का कहना है कि कर्ज से छुटकारा मिलने के बाद अब वह अपने परिवार की खुशियों पर ध्यान दे सकेगा। खेती किसानी के लिए और ऋण लेकर अपनी आय बढ़ाने का प्रयास करेंगे। भविष्य में समय से ऋण अदा कर देश के विकास में योगदान करेंगे।