केन यार्ड और कांटे पर खड़े गन्ना भरे वाहन। संवाद
महेवागंज। क्रय केंद्र कटने के विरोध में बंद की गई खंभारखेड़ा चीनी मिल में पेराई शुरू कर दी गई है। बीस घंटे तौल और पेराई बंद रहने से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
चहमलपुर और मठियापुरवा क्रय केंद्र ऐरा खमरिया चीनी मिल से संबद्ध हो जाने से खंभारखेड़ा मिल प्रबंधन नाराज था। बताते हैं विरोध में शुक्रवार शाम चार बजे मिल अधिकारियों ने गन्ना खरीद और पेराई भी ठप कर दी।
गन्ना लेकर आए किसानों ने बिना पूर्व सूचना के मिल बंद देख नाराजगी जताई। कहीं बखेड़ा न खड़ा हो जाए, मिल प्रशासन ने एहतियातन पुलिस भी बुला ली। अधिकारियों ने किसी तरह नाराज किसानों को समझाया।
पशोपेश में उलझे और मिल चलने की आस में रातभर किसान परेशान रहे। मिल प्रबंधन ने जरूरतमंदों के लिए रात में भोजन, अलाव और सुबह के नाश्ते का इंतजाम किया। इस बीच शनिवार दोपहर गन्ना खरीद और पेराई भी शुरू कर दी गई। करीब 20 घंटे मिल का चक्का बंद रहा। मिल प्रबंधन के बैकफुट पर आने से किसानों को राहत मिली।
पीआरओ सतीश श्रीवास्तव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर मिल चालू कर दी गई है। काटे गए क्रय केंद्रों के बारे में क्या निर्णय लिया गया, इसकी कोई जानकारी नहीं है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ना विभाग के उच्चाधिकारियों से बात कर चीनी मिल को चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।