लखीमपुर खीरी। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को दूध वितरण का रास्ता साफ हो गया है। बीएसए और पराग के बीच दूध की डील फाइनल हो गई है। पहले चरण में लखीमपुर ब्लॉक के 339 स्कूलों में बुधवार को दूध वितरित किया जाएगा। इसके लिए नौ वितरण केंद्र बनाए गए हैं, जहां से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक दूध की सप्लाई उठाकर बच्चों को वितरित करेंगे। अगले सप्ताह से अन्य ब्लॉकों में रोस्टर बनाकर दूध का वितरण कराया जाएगा।
एमडीएम के जिला समन्वयक ऋतुराज सिंह ने बताया कि प्रत्येक बुधवार को बच्चों को दूध वितरण किया जाना है। गांवों में दूध की उपलब्धता कम होने और गुणवत्ता ठीक न होने से योजना का संचालन कुछ महीनों से ठप हो गया था। अब पराग से दूध की सप्लाई मिलेगी, जिसका वितरण बच्चों में कराया जाएगा। इस बुधवार को सदर ब्लॉक के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दूध का वितरण कराया जाएगा। प्राथमिक के 13220 और उच्च प्राथमिक के 6532 बच्चों के लिए पराग से 3289 लीटर दूध (आधा और एक लीटर की पैकिंग में) की सप्लाई मिलेगी। स्कूलों को दूध वितरण के लिए छाउछ, धर्म सभा इंटर कॉलेज, पिपरिया राजापुर, खीरी बालक, सढौना, सलेमपुर, ढसरापुर, केशवपुर भेलावां, नरदवलपुरवा में सेंटर बनाए गए हैं।