भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज, एसपी मौके पर पहुंचे
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के खरेहना गांव के बाहर अधेड़ की लाठी-डंडों से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मंगलवार देर रात उसका शव गांव के बाहर स्थित मंदिर के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराते हुए कब्जे में ले लिया है। रात में ही एसपी, एएसपी और सीओ ने मौका मुआयना करते हुए जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र में खरेहना और राही पारस गांव के बीच एक मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास झाड़ियों में मंगलवार देर रात खरेहना गांव निवासी रामकुमार (45) पुत्र सुमेर का शव बरामद हुआ। शव बरामद होने की सूचना इलाके में फैल गई। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर चिरंजीव मोहन ने मौजूद ग्रामीणों से मृतक की शिनाख्त कराते हुए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव की जांच की तो उसके शरीर पर लाठी-डंडों से पिटाई होने जैसे जाहिराना चोट के निशान मिले।
मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिवार वालों के मुताबिक, मृतक अविवाहित था। सोमवार शाम घर से बाहर गया था। जब वह शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर बात करनी चाही, लेकिन उसका नंबर रिसीव नहीं हो सका। करीब 24 घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिवार वालों ने अज्ञात लोगों पर हत्या किये जाने का आरोप लगाया था।
देर रात एसपी विजय ढुल, एएसपी अरुण कुमार सिंह और सीओ मितौली संदीप सिंह ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने इंस्पेक्टर चिरंजीव मोहन को घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई भगवानदीन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।