निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और पुलिस महानिदेशक से शिकायत की है। मामले में विवेचक से बातचीत की एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
मोतीपुर निवासी हरीश पटेल ने तहरीर में बताया कि 24 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह घर के बाहर खड़े थे। तभी कुछ अज्ञात लोग वहां आकर खड़े हो गए। पूछताछ करने पर गांव के इंद्र बहादुर वर्मा पुत्र बच्चूलाल भी पहुंच गए और विवाद करने लगे। आरोप है कि इंद्र बहादुर ने मारपीट करते हुए पास में पड़े डंडे से उनके सिर पर वार कर दिया। शोर सुनकर लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
हरीश के अनुसार, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली, लेकिन उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। हाल ही में विवेचक अवधेश कुमार रावत उनके घर पहुंचे तो मेडिकल न कराए जाने को लेकर बातचीत हुई। इसका ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में विवेचक कथित तौर पर मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने को गलत बताते सुनाई दे रहे हैं। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।