एडीएम, एएसपी ने मेले का भ्रमण कर लिया जायजा
गोला गोकर्णनाथ। ऐतिहासिक चैती मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीएम उमेश नारायण पांडेय और एएसपी दीपेंद्रनाथ चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने मेले का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया और मेले में शांति सुरक्षा के लिए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल को आश्वस्त किया।
मेला मैदान में लगने वाले एतिहासिक चैती मेला को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मेला में बिजली की झालरों और फूलों की लड़ियों से झिलमिलाते सांस्कृतिक मंच, सोफ्टी, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने, खेल तमाशे और झूले मेलार्थियों का मन लुभाने के लिए सजकर तैयार हो गए हैं। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीएम और विशिष्ट अतिथि एएसपी ने मेला मैदान के पहले गेट पर फीता काटकर किया। पं. प्रमोद कुमार पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों से नारियल फोड़वाकर मेले की सफलता की कामना की।संचालन मनोज श्रीवास्तव एडवोकेट ने किया।
इस मौके पर एसडीएम/ईओ घनश्याम त्रिपाठी, सीओ अशोक कुमार यादव, कोतवाल अजय कुमार सिंह, नगर पालिका सदस्य द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, सुरेश जायसवाल, आनंद सोनी, श्रीकांत तिवारी, नानकचंद वर्मा, संत कुमार वाजपेई, डॉ वेदप्रकाश अग्निहोत्री, राजेश गिरि, जमाल अहमद राईन, रफी अहमद, मेवालाल, आशा देवी, अरविंद पांडे, राजेश बाजपेयी आदि मौजूद रहे।