मैलानी। मैलानी-गोरखपुर एक्सप्रेस एलएचबी कोच युक्त रैक से आज 21 दिनों बाद फिर मैलानी से गोरखपुर के लिए रवाना हुई। अब यात्रियों को पहले से और ज्यादा आरामदायक सफर करने को मिलेगा। गोंडा यार्ड में रिमॉडलिंग का काम होने की वजह से रेल प्रशासन ने 16 मई से 08 जून तक मैलानी-गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया था।
यार्ड रिमॉडलिंग का काम पूूरा होने के बाद 21 दिनों से बंद चल रही इस ट्रेन का संचालन फिर से शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि अब यह ट्रेन एलएचबी कोचयुक्त रैक से संचालित होगी। एलएचबी कोच की तमाम खासियतें हैं। इनमें झटके कम लगते हैं। पूरी तरह स्टील के बने होते हैं। लिहाजा अब इसके यात्रियों को आरामदायक सफर का आनंद मिलेगा।
आज निरस्त रही गोमतीनगर-मैलानी पैसेंजर - मैलानी-गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस के निरस्त होने के बाद रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए उसकी जगह गोमतीनगर से मैलानी के बीच एक एक्सप्रेस विशेष पैसेंजर का संचालन शुरू किया था। चूंकि आज से गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। लिहाजा आज गोमतीनगर पैसेंजर निरस्त रही और आगे भी यह पैसेंजर निरस्त रहेगी।