मतदान को लेकर जिले में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतार लग गईं थीं। मतदान का उत्साह पूरे दिन बना रहा। गांवों में महिलाएं घूंघट में निकलीं तो युवाओं में भी जोश कम नहीं रहा। बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष भी वोट डालने में पीछे नहीं रहे। यहां तक कि बीमार बुजुर्ग भी किसी तरह मतदान केंद्र तक पहुंचे और मतदान किया।
--
गोला में शांतिपूर्ण माहौल में हुआ मतदान
गोला गोकर्णनाथ। 139 विधानसभा गोला क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मुस्तैद रहा। प्रात: सात बजे से शुरू हुए मतदान में ठंड के कारण वोटरों को निकलने में कुछ सुस्ती दिखाई। ज्यों ज्यों धूप बढ़ती गई त्यों त्यों मतदाता घरों से निकलकर लाइन में लग गए, उन्होंने उत्साह पूर्वक मतदान किया। तीन बजे के बाद मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरने लगा और शाम पांच बजे तक किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लाइन नजर नहीं आई। क्षेत्र के गांव संसारपुर, रजागंज, बिझौली, अजान, मूड़ा सवारान, अलीगंज, रेहरिया, ममरी, पिपरिया आदि गांवों के मतदाताओं ने बढ़चढ़कर मतदान किया।
बांकेगंज। कस्बे के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर कडी सुरक्षा के बीच वोट डाले गए। मतदान को लेकर लोगो में काफी उत्साह रहा।
मैलानी। विधानसभा चुनाव का मतदान क्षेत्र में शांति पूर्र्वक संपन्न हुआ। गोला विधानसभा के मैलानी में कुल 54.48 प्रतिशत मतददान हुआ। सुबह एलबीएस इंटर कॉलेज तथा काली मंदिर स्थित प्राइमरी पाठशाला में मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। दोपहर बाद प्राइमरी पाठशाला में मतदान की गति धीमी पड़ गई और शाम तक छिटपुट मतदान होता रहा।
--
सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प
मैलानी। श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने जा रहे मतदाताओं को केंद्र तक भाजपा को वोट डालने के लिए प्रेरित करने को लेकर सपा महिला कार्यकर्ताओं की एक भाजपा कार्यकर्ता से झड़प के बाद हाथापाई तक की नौबत आ गई। यह देख अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पंहुच गए। दोनों पक्षों के लोगों तथा पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
--
बिस्तर से उठकर बीमार पहुंची वोट डालने
गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला अर्जुननगर निवासी 65 वर्षीय विद्या शर्मा कई महीनों से बीमार हैं, लेकिन वोट डालने की ललक में वह बिस्तर से उठकर रिक्शे से अपने बेटे आदित्य अमित और बहू अनीता के साथ वोट डालने पब्लिक इंटर कॉलेज के आदर्श मतदान केंद्र पर आईं।
--
घूंघट की वोट में ढूंढ़ लिया एवीएम में बटन
गोला गोकर्णनाथ। लोकतंत्र में महिलाएं घूंघट की ओट में ही सही लेकिन घर की देहरी को लांघकर मतदान करने पहुंचीं और वहां घूंघट की ओट से ही एवीएम का बटन दबाकर लोकतंत्र को मजबूत किया।
--
मतदाता नहीं फिर भी बना पोलिंग एजेंट
गोला गोकर्णनाथ। पब्लिक इंटर कॉलेज के जूनियर विभाग में बने मतदान केंद्र पर नहर कोठी निवासी दिव्यांग कल्लू का वोट तो नहीं है लेकिन उसे चुनावों में काफी दिलचस्पी रहती है। एक प्रत्याशी ने उसे पोलिंग एजेंट बना दिया। जहां वह बैसाखी के सहारे लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रहा था।
--
पलिया में 67 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान
पलियाकलां। पलिया विधानसभा का विधायक चुनने के लिए युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला। हालांकि तड़के मतदान की स्थिति धीमी रही लेकिन इसके बाद बूथों पर मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी और मतदान का समय खत्म होने पर यह आंकड़ा 67 प्रतिशत जा पहुंचा। प्रशासन इससे काफी खुश नजर आ रहा है।
--
खराब हुई ईवीएम
पलिया विधानसभा क्षेत्र के नगर प्राइमरी स्कूल बूथ पर दोपहर दो बजे के आसपास ईवीएम खराब हो गईं। जिससे वहां करीब आधे घंटे तक मतदान रुका रहा।
--
बीएलओ की ढिलाई से कम पहुंचीं पर्ची
प्राइमरी स्कूल बूथ के मतदाताओं की बीएलओ कम पर्चियां बांटी जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना पड़ा। बाद में बीएलओ के हाथ से बनाई गई पर्ची को इस बूथ पर नहीं माना गया। जिससे मतदाता गुस्से में रहे।
--
पहली बार वोट डालकर उत्साहित दिखे नए वोटर
पहली बार वोट डालने वालों में मोहल्ला बाजार प्रथम की पल्लवी गुप्ता के साथ ही टेहरा देहात की हिना ने पहली बार मतदान किया था। मतदान के बाद उनके चेहरे पर खासी खुशी दिखाई दी तथा वह खासी उत्साहित दिखीं।
--
लखनऊ से आकर डाला वोट
अपना जनप्रतिनिधि चुनने तथा इलाके के विकास के लिए लखनऊ से आकर भी मतदाताओं ने वोट डाले। इसमें पलिया के मोहल्ला टेहरा शहरी की अर्चिता मिश्रा तथा हर्षिता मिश्रा जो लखनऊ में रहकर पढ़ाई करती हैं। उन्होंने चीनी मिल बूथ पर जाकर वोट डाला।
--
बुजुर्गों में दिखा उत्साह
मतदान के दिन बुजुर्ग भी वोट डालने से पीछे नहीं हटे। पलिया के बड़ागांव में बने बूथ पर 80 वर्षीय अतरिया की लखपति पत्नी रामचंद तथा सुखरानी पत्नी रामप्रसाद ने अपनेण्अपने परिवार वालों के साथ पहुंचकर वोट डाले। वोट डालने वह दोनों काफी उत्साहित भी दिखाई दीं।
--
ठेलिया से अपने पिता के साथ वोट डालने पहुंचा शिवशंकर
सेमरीपुरवा निवासी दिव्यांग शिवशंकर पुत्र रामचंद्र ठेलिया से अपने पिता के साथ वोट डालने बूथ पर पहुंचा। शिवशंकर मानसिक रूप से भी परेशान है तथा उसके पिता उसको ठेलिया पर लेकर सेमरीपुरवा प्राथमिक स्कूल में वोट डलवाने पहुंचे।
--
वोट डालने से वंचित रह गया दिव्यांग फरमान
बड़ागांव निवासी दिव्यांग फरमान पुत्र रियाजुद्दीन वोट डालने अतरिया पर बने बूथ पर ट्राई साइकिल से पहुंचा था। लेकिन वहां पर उसके पास वोटर आईडी कार्ड न होने के कारण उसे वोट नहीं डालने दिया गया। फरमान ने बताया कि वोटर लिस्ट में उसका नाम भी है तथा प्रधानी के चुनाव में उसने वोट भी डाला था। लेकिन आज उसको वोट डालने नहीं दिया गया।
--
धौरहरा में खूब पड़े वोट
धौरहरा। विधानसभा में मतदाताओं नें चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने बूथों पर सुबह सात बजे से लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डीआईजी प्रवीण कुमार और कमिश्नर भुवनेश कुमार बूथ संख्या 328 सहित क्षेत्र के कई बूथों पर जाकर मतदाताओं से रूबरू हुए मतदाताओं से दिक्कतें भी पूछी।
--
आधे घंटे बाधित रहा मतदान
धौरहरा। क्षेत्र के जोधापुरवा के बूथ संख्या 324 और मूशेपुर के बूथ संख्या 199 में ईवीएम मशीन में खराबी के चलते मतदान आधा घंटे तक बाधित रहा बाद में दोनों जगहों पर मशीन बदली गई, तब मतदान शुरू हुआ।
--
कस्ता में खूब पड़े वोट
मितौली। कस्ता विधानसभा क्षेत्र में 72 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में सर्वाधिक मतदान इसी सीट पर हुआ। गांवों में भाजपा, सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा खूब वोट मिले। कहीं किसी को जोर तो कहीं किसी का दिखने से मतदाता और प्रत्याशी असमंजस में नजर आए।
--
निघासन में भी खूब पड़े वोट
निघासन। बुधवार को निघासन विधानसभा का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान तमाम बुजुर्गों और दिव्यांगों ने भी वोट डाले। नए वोटरों में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह दिखा। सिंगाही इलाके के मांझा में पुल को लेकर मतदान के बहिष्कार के निर्णय की वजह से तमाम वोटरों ने वोट नहीं डाले। चुनाव की वजह से दुकानें बंद रहीं। उधर सिंगाही के राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज में बने बूथ नंबर 130 की ईवीएम करीब आठ बजे खराब हो गई। इसे एक घंटे बाद ठीक किया गया। इस दौरान मतदान बंद रहा। दरेरी के बूथ नंबर 231 पर भी ईवीएम खराब हो गई थी। एसडीएम को इसकी जानकारी होने के बाद मशीनें बदलवाई गईं। निघासन के जिला पंचायत इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 78 और 79 सहित कई अन्य जगहों के बूथों पर ईवीएम पर लाइट की अच्छी व्यवस्था न होने से बुजुर्ग और आंखों से कमजोर लोगों को चुनाव निशान देखने में दिक्कत आई। इनको दूर कराया गया। सिंगाही के मांझा गांव में बने पोलिंग सेंटर पर 915 में से 218 वोटरों ने ही वोट डाले। यहां मांझा समेत पड़ोस के चौगुर्जी, बघौड़िया और कढ़िले पुरवा गांवों के वोटर शामिल किए गए थे। इनमें से केवल चौगुर्जी के वोटरों ने वोट डाले। इस सेंटर पर भाजपा के अलावा अन्य किसी दल का कोई एजेंट तक नहीं मिला। यहां के लोगों ने पुल नहीं तो पोल नहीं का नारा देकर मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया था।
--