बसपा के बागी राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर अपने जिले के विकास के लिए कभी संजीदा नहीं रहे। यह बात 2010 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद से उनके द्वारा खर्च की गई सांसद निधि से जाहिर होती है। उन्होंने चार साल में लखीमपुर खीरी को 216.93 लाख रुपये दिए, जबकि हरदोई को 624 और शाहजहांपुर को 225 लाख दिए। पूर्वांचल समेत करीब दर्जन भर जिलों में उन्होंने 1189.427 लाख रुपये बांटे। खास बात यह भी कि उन्होंने ज्यादातर धनराशि निजी कॉलेजों और सोलर लाइट लगाने पर खर्च की है।
2010 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद से अब तक उन्होंने सांसद निधि से 1406.357 लाख रुपये दिए, जिसमें 1189.427 लाख रुपये अन्य जिलों में दिए हैं। सिर्फ 216.93 लाख रुपये लखीमपुर के हिस्से में आए हैं। इस धनराशि में से मितौली सीएचसी को एक एंबुलेंस, दो सीसी रोड दी गई तो एक रपटा पुल बनवाया गया और कुछ सोलर लाइट लगवाई गईं। अवशेष धन में डॉं. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज कमलापुर, चंद्रिका सिंह विटोला देवी कॉलेज फत्तेपुर समेत अन्य कॉलेजों को दिया गया।
परियोजना अधिकारी, डीआरडीए डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि समय-समय पर प्राप्त होने वाले प्रस्तावों के अनुसार संबंधित जिलों को धनराशि भेज दी जाती है। धनराशि का इस्तेमाल कहां किया गया, इसका विवरण हमारे पास नहीं है।
भाजपा के विरोध में नहीं लिया था गांव गोद
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने सभीदलों के सांसदों से आदर्श ग्राम योजना के लिए प्रस्ताव मांगे थे। बसपा का होने के कारण जुगुल किशोर ने इसे भाजपा का एजेंडा बताते हुए गांव गोद नहीं लिया था।
जिलों को दी गई सांसद निधि एक नजर में
वित्त वर्ष 2010-11
जिला धनराशि (लाख में)
सिद्धार्थनगर 25
देवरिया 25
लखीमपुर खीरी 25
--
वित्त वर्ष 2011-12
संत कबीर नगर 03
इलाहाबाद 05
आजमगढ़ 50
लखीमपुर खीरी 72.569
--
वित्त वर्ष 2012-13
हरदोई 149
शाहजहांपुर 100
हरदोई 200
--
वित्त वर्ष 2013-14
संत कबीर नगर 10
गौतम बुद्ध नगर 05
प्रतापगढ़ 20
आगरा 05
आजमगढ़ 61
सुल्तानपुर 25
मैनपुरी 20
बलरामपुर 05
लखनऊ 27.6
हरदोई 200
गाजीपुर 06
लखीमपुर खीरी 114.361
--
वित्त वर्ष 2014-15
हरदोई 75
शाहजहांपुर 125
संत कबीर नगर 10
सुल्तानपुर 18
आजमगढ़ 20
लखीमपुर खीरी 05 (कंटीजेंसी)