सोमवार सुबह शहर में हुई बारिश के दौरान तहसील मार्ग पर छाता लगाकर जाते लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। पिछले कई दिनों से तपा रही चिलचलाती धूप व भीषण गर्मी से बारिश ने राहत पहुंचाई है। मौसम में बदलाव व ठंडी हवा से लोगों को सुकून मिला है। सोमवार को पूरा दिन बादल मंडराते रहे। पारा नीचे लुढ़का तो लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को भी हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने के आसार हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 37 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार सुबह चार बजे से शुरू हुई बारिश करीब 10 बजे तक रुक-रुककर होती रही। बारिश से बचने के लिए लोग रेन कोट व छाते का सहारा लेते दिखे। बादल छाने व ठंडी हवा ने मौसम सुहाना कर दिया। हालांकि, उमस भरी गर्मी बरकरार रही। शाम को भी ठंडी हवा ने सुकून पहुंचाया। बारिश होने से किसान भी खुश हैं। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने के आसार हैं। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। संवाद