तिकुनिया खीरी। सीमा की यातायात सुविधा बेहतर बनाने के लिए तिकुनिया से लखनऊ और कानपुर के लिए बस सेवा शुरू हो गई है। जल्द ही दिल्ली और बहराइच के लिए भी बस शुरू की जाएगी। सोमवार को तिकुनिया पहुंचे सीतापुर डिपो के एआरएम राकेश कुमार ने यह जानकारी दी।
एआरएम ने बताया कि कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने गुरुद्वारा कौडियाला जाकर खुली जगह पर बसों के ठहराव के स्थान के लिए गुरुद्वारे के बाबा काला सिंह से चर्चा की।
बाबा ने बसों के ठहराव के लिए हामी भर दी। एआरएम ने व्यापारियों से मुलाकात की और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। व्यापारियों ने तिकुनिया से दिल्ली, लखनऊ और बहराइच के लिए भी बसें चलाए जाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि जब से गोंडा-बरेली ट्रेन का संचालन बंद हुआ है दिक्कत आ रही है। व्यापार प्रभावित हुआ है तो स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है।
इस दौरान तराई विकास संस्थान के लोगों ने एआरएम को पत्र देकर आभार जताया। रोडवेज के यातायात निरीक्षक भोला उपाध्याय, आरबी लाल, कंप्यूटर ऑपरेटर राजू कनौजिया, तराई विकास संस्थान के सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, अशोक सिंघल, नगर व्यापार मंडल के पुरुषोत्तम गर्ग, आशीष अग्रवाल, पदम अग्रवाल, कैलाश गोयल, रोहतास अग्रवाल, आशीष गर्ग और डॉक्टर पोला मौजूद रहे।
यह होगा नई बसों का समय
एआरएम ने बताया नई चलने वाली बसों में तिकुनिया से बहराइच के लिए सुबह 8:00 बजे, तिकुनिया से कानपुर के लिए सुबह 5:00 बजे, तिकुनिया से दिल्ली के लिए शाम 5:00 बजे और शाम 7:00 बजे बसें चलेंगी।