खेतौसा गांव में बीमार होने वालों की संख्या हुई 124, सीएमओ खाद्य सुरक्षा टीम के साथ पहुंचे गांव
बेसन और तेल का नमूना भरा, 14 लोग जिला अस्पताल में भर्ती
थाना हैदराबाद के गांव खेतौसा में चाट खाकर सोमवार को बीमार होने वालों की संख्या बढ़कर 124 पहुंच गई, इनमें से 14 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष लोगों की हालत में सुधार होने पर गांव में ही इलाज चल रहा है, इधर मंगलवार को एक बच्ची की मौत हो गई। इससे सेहत महकमे में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉक्टरों और खाद्य विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे। डॉक्टरों ने बीमार लोगों का उपचार किया और दवाइयां बांटीं। खाद्य टीम ने चाट विक्रेता के घर से बेसन और तेल का नमूना भरा है।
बतादें कि सोमवार को गांव खेतौसा में चाट खाने के बाद कई लोग बीमार हो गए थे। हालत खराब होने पर 24 लोगों को फरधान सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जिसमें से हालत गंभीर होने पर मंगलवार को दीनदयाल, उसके भाई गुरदीन, पुष्पेंद्र, मोनू, उसके भाई बीरू, गोल्डी, उसके भाई आकाश, अनुराधा, प्राची वर्मा, शिवम, पुष्पा देवी, प्रतिभा देवी, रानी वर्मा, मधू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को इनकी संख्या बढ़कर 124 पहुंच गई। बीमार लोग सीएचसी फरधान, गोला में भर्ती हैं। इनमें से अधिकतर लोगों का गांव में कैंप लगाकर डॉक्टर उपचार कर रहे हैं। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ. राजेश सिंह का कहना है कि सभी बीमार विषाक्त भोज्य पदार्थ के खाने से पीड़ित हैं। दवा दी गई है। अब इनकी हालत में सुधार है। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं सदर एसडीएम सैमुअल पॉल के निर्देश पर नगर लेखपाल दीपक वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों का हाल जाना। उधर सीएमओ डॉ. जावेद अहमद, एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह और डॉ. अरविंद पटेल, खाद्य विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने बीमार लोगों का हाल जाना। सीएचसी फरधान और पीएचसी सेमरई के डॉक्टरों ने गांव में कैंप करके मरीजों का इलाज किया। सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने बताया कि बच्चों और महिलाओं को फूड प्वाइजनिंग हुई है, इससे एक बच्ची की मौत हुई है। कुछ लोग जिला अस्पताल और कुछ गोला सीएचसी में भर्ती हैं।