पलिया में अब तक आधे भी नहीं हो सके जमा
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए असलहे जमा कराने की प्रक्रिया पुलिस के लिए मुसीबतों भरा सफर साबित हो रही है। असलाह धारकों के कन्नी काटने से पलिया थाना में अब तक आधे भी असलहे जमा नहीं हो पाए हैं। हालांकि संपूर्णानगर और भीरा थाना क्षेत्रों में स्थिति कुछ ठीक है। पलिया पुलिस ने सभी लोगों से अपने असलहों को जमा करने का आह्वान किया है ऐसा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हमेशा से ही पुलिस लाइसेंसी असलहों को जमा कराती रही है, लेकिन इस बार उसे कुछ ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। पुलिस की लाख नसीहतों के बाद भी असलाह धारक अपने असलहों को जमा कराने से कन्नी काटे हुए हैं। इसी का नतीजा है कि कुल लाइसेंसी में से आधे भी अब तक जमा नहीं हो पाए हैं। पलिया थानाक्षेत्र में बड़ी तदाद में लाइसेंसी असलहे हैं, लेकिन जमा गिनती के चंद असलहे ही हुए हैं। इसके अलावा संपूर्णानगर और भीरा में जमा असलहों की तादाद ज्यादा है लेकिन फिर भी पूरे अब तक जमा नहीं हो सके हैं। फिलहाल इसको लेकर पुलिस परेशान है और लोगों को अपने लाइसेंसी असलहे जमा करने के लिए कह रही है। ऐसा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पलिया : 672 जमा: 200
भीरा : 887 जमा: 500
संपूर्णानगर : 114 जमा: 83