बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। मोहल्ला स्टेशन पुरवा आबादी के पास पहुंचे तेंदुए ने एक बार फिर दबे पांव एक घर में घुसने की कोशिश की। घर के पालतू कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर परिवारीजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला पश्चिम रेंज अंतर्गत बांकेगंज कस्बा के मोहल्ला स्टेशन पुरवा निवासी उत्तम टंडन के मकान के पीछे आलू के खेत में शनिवार रात एक बार फिर तेंदुआ आ धमका। तेंदुए ने दबे पांव जब मकान में घुसने की कोशिश की तो पालतू कुत्ते तेज आवाज में भौंकते हुए कमरों की ओर भागे। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिवारीजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो तेंदुआ मकान से करीब सौ मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में छिप गया। रविवार सुबह परिवारीजन जब मकान के पीछे आलू खेत में गए तो वहां उन्हें तेंदुए के ताजे पगचिह्न मिले। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन कर्मियों की टीम डिप्टी रेंजर सत्येंद्र सिंह चौहान, फॉरेस्टर अशोक शुक्ला, वन रक्षक दयाशंकर दुबे ने पगचिह्न देखकर वहां तेंदुआ मौजूदगी की पुष्टि की है। आबादी के निकट बाघ, बाघिन और तेंदुए की मौजूदगी के चलते ग्रामीण खेतों की ओर जाने से डरने लगे हैं।
बांकेगंज के मोहल्ला स्टेशनपुरवा में आबादी के पास एक बार फिर तेंदुआ आने की सूचना मिली है। वन कर्मियों की दो टीमें तेंदुए की चौबीस घंटे बारी-बारी से निगरानी कर रही हैं। फिर भी ग्रामीणों को सतर्कता बरतनी चाहिए।
-बनारसी दास, रेंजर, गोला गोकर्णनाथ