मैगलगंज। दुकान से सामान लेकर शनिवार की शाम घर वापस लौट रही पांच साल की बच्ची को युवक ने दबोच लिया। उसे खंडहरनुमा खाली पड़े मकान में ले गया, जहां उससे छेड़छाड़ की। बच्ची के रोने की आवाज सुन उसकी मां मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी एक ग्रामीण ने बताया कि शनिवार को उसकी पांच साल की बेटी दुकान पर सामान लेने गई थी। वापस आते समय घर के पास ही शाम करीब साढ़े सात बजे पड़ोस के 24 वर्षीय युवक ने पुत्री को दबोच लिया। उसको बगल के खंडहरनुमा मकान में ले गया। जहां छेड़छाड़ करने लगा। चीख-पुकार सुनकर बच्ची की मां मौके पर पहुंच गई। जिस पर आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। परिवार के लोग बच्ची को घर ले आए। सुबह बच्ची को लेकर थाना पहुंचे। आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छेड़छाड़, पॉस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले की जांच की जा ही है।
चंद्रकांत सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना मैगलगंज