राजनगर गांव में वन विभाग ने लगाया एनाइडर। स्रोत- संवाद।
धौरहरा। वन रेंज धौरहरा में इन दिनों तेंदुआ सहित हिंसक पशुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। अब तक धौरहरा और रमियाबेहड़ क्षेत्र में देखे जाने वाले तेंदुए ईसानगर में भी दिखाई पड़ रहे हैं। रविवार की रात भाजपा के पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के बेल्तुआ आवास पर तेंदुए की मौजूदगी ने दहशत फैला दी
धौरहरा वन रेंज के बेल्तुआ गांव में पूर्व विधायक के आवास के पास तेंदुआ कई दिन से चहलकदमी करता देखा जा रहा था। रविवार रात तेंदुआ आवास पर लगे कैमरों में चहलकदमी करते हुए कैद हुआ। पूर्व विधायक ने इसकी सूचना क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरु कर दी है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि पूर्व विधायक के आवास पर तेंदुआ के आने की सूचना है, निगरानी की जा रही है। इसके अलावा तेंदुआ धौरहरा के बबुरी मार्ग और कफारा लोहरीपुर गांव के बीच शावकों संग देखा गया।
वन विभाग ने राजनगर गांव में लगाई एनाइडर डिवाइस और दो कैमरे
बांकेगंज। बरौंछा नाला क्षेत्र में सक्रिय बाघिन के एक रात में दो पशुओं को मारने और पड़िया को घायल करने के बाद हरकत में आए वन विभाग ने सोमवार को राजनगर गांव में एक एनाइडर डिवाइस एंड अलार्म सिस्टम और दो कैमरे लगाए गए हैं। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि आबादी से सटे गन्ने के खेतों से बाघिन के रुक-रुककर गुर्राने की आवाजें पूरी रात सुनाई देती रहीं। गांव के पास बाघिन की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। संवाद