तहसील परिसर में लेखपालों से बातचीत करते एसडीएम मितौली मधुसूदन गुप्ता। संवाद
मितौली। तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब लेखपालों ने एसडीएम मधुसूदन गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित लेखपाल तहसीलदार कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए और एसडीएम पर मानसिक उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार तथा अनावश्यक दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला शांत हो सका।
धरने की सूचना मिलते ही एसडीएम मधुसूदन गुप्ता मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख तहसील परिसर में पुलिस बुलानी पड़ी। सीओ यादवेंद्र यादव और थाना प्रभारी महेश पाठक भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लेखपालों व एसडीएम के बीच तीखी बहस भी हुई।
इस दौरान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक लेखपाल भावुक होकर यह कहते सुनाई दे रहा है कि, यदि आप हमें सस्पेंड कर देंगे तो मैं इसी बिल्डिंग से कूद जाऊंगा। मैं मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुका हूं। वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। विवाद बढ़ता देख एसडीएम लेखपालों को अपने कार्यालय में ले गए, जहां तहसीलदार दिनेश कुमार की मौजूदगी में बंद कमरे में वार्ता हुई। बातचीत के बाद फिलहाल धरना समाप्त हो गया, लेकिन देर शाम तक लेखपाल अपने आरोपों पर कायम रहे।
एसडीएम मधुसूदन गुप्ता का कहना है कि कुछ मामलों को लेकर नाराजगी थी, जिसे बातचीत के जरिये दूर करा दिया गया है।