सिंचाई विभाग शारदा कैनाल नहीं ले रहा सुधि
कस्बा के पास से निकली बड़ी नहर से खेतों की सिंचाई के लिए कुछ अज्ञात किसानों ने नहर को तीन जगहों से काटकर छोड़ दिया, जिससे तमाम किसानों के गन्ने के खेत में पानी भरने से नुकसान हो रहा है। वहीं सिंचाई विभाग शारदा कैनाल ने शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की है।
कस्बा के निकट खेतों में सिंचाई करने के लिए अज्ञात किसानों ने गुरुवार की रात को बड़ी नहर को तीन स्थानों से काट दिया था। इसके बाद अभी तक काटी गई नहर की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे गन्ना किसानों की फसलों का काफी नुकसान हो रहा है। सूत्र बताते हैं कि कुलाबे खराब होने के कारण खेतों में पानी पहुंचाने के लिए किसान नहर को ही किनारे से काट देते हैं। इसका खामियाजा अन्य किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है। इसका डिवीजन कार्यालय सीतापुर में होने की वजह से कर्मचारी क्षेत्र में नहीं आते हैं और न ही कोई कार्रवाई होती है। सीतापुर प्रखंड के अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। नहर काटने वालों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।