व्यापारी के घर में खुली अलमारी और बिखरा सामान। स्रोत: पीड़ित
धौरहरा। खमरिया थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मोहम्मदापुर निवासी दधीच कटियार ने बताया कि शनिवार को साले के निधन के कारण वह परिवार समेत ससुराल चहलुआ गए थे। घर में उनकी मां मौजूद थीं। रात में आने के बाद वह गांव के बाहर स्थित अपनी कोयला फैक्टरी पर सोने चले गए।
आरोप है कि देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर काट दिया। चोर सोने का हार, मांगबेंदी, सोने की चेन, चार लॉकेट, दो अंगूठियां, एक जोड़ी झाला, नथुनी, पेंडिल, पांच जोड़ी चांदी की पायल समेत करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।