.जगदीशपुर गांव में मनोज कुमार के घर लगी सेंध। संवाद
फरधान। थाना क्षेत्र गांव जगदीशपुर में कमलेश कुमार, मनोज कुमार एवं होमगार्ड राम नरेश समेत तीन घरों में नकब लगाकर चोरों ने लाखों के गहने और नकदी चोरी कर ली। एक ही रात में तीन चोरी होने से पुलिस गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस केवल घर में चोरी होने की बात कह रही है। देर शाम तक एक की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है।
गांव जगदीशपुर निवासी ज्ञानदेवी पत्नी राम नरेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया उसके पति होमगार्ड हैं। वह बच्चों के साथ घर में रहती है। बीती रात चोर घर के पीछे कटहल पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरों में ताले काटकर अलमारी में रखी 40 हजार की नकदी और बक्से में रखे सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। इसी गांव गांव के मनोज कुमार ने बताया उसके घर नकब लगाकर दो जोड़ी सोने के झाला, तीन जोड़ी पायल, छह जोड़ बिछिया और पांच हजार नकद चोरी कर लिया।
तीसरी घटना कमलेश के घर में नकब लगाकर हुई। चोरी में एक मोबाइल और सोने चांदी के जेवर चोरी हो गए। तीनों पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दे दी है। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया केवल मनोज के घर में चोरी हुई है। बाकी दो घरों की चोरी संदिग्ध लग रही है। रात तीन बजे मोबाइल चोरी होने की सूचना दी थी। अब सुबह लाखों की चोरी बता रहे है। मनोज के घर हुई चोरी का मुकदमा दर्जकर लिया है। हल्का दरोगा को जांच के लिए भेजा है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी
मैलानी। वार्ड नंबर 11 निवासी फिरोज बानो ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा कि बीती रात घर में घुसकर चोरों ने बक्से में रखे दो जोड़ी चांदी की पाजेब, तीन जोड़ी चांदी की पायल, बिछिया, सोने के दो टीका, सोने का झूमर, सोने का हार, अंगूठी और सात हजार रुपए नकद पार कर लिए। रात करीब तीन बजे खटपट की आवाज हुई, जागने पर देखा, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। तब उसे चोरी का पता चल सका। सूचना पर रात में ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह पुलिस ने पहुंचकर मौका मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद