सावन का अंतिम सोमवार आज, सभी तैयारियां पूरी
छोटी काशी में सावन माह के अंतिम सोमवार पर लाखों श्रद्धालु और कांवड़िए भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। दूर दराज से आए कांवड़ियों ने सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में दर्शन करने के लिए नगर में विभिन्न स्थानों पर डेरा जमा लिया है।
सावन माह में छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर में शिव भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है। जयकारों से पूरी नगरी शिवमय बनी हुई है। सावन माह के अंतिम सोमवार पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। दूर दराज के जिलों, प्रांतों से आए शिव भक्तों ने नगर के लखीमपुर रोड स्थित डिग्री कॉलेज, मंदिर परिसर के सत्संग भवनों, मोहम्मदी रोड पर कंजा देवस्थान आश्रम सहित तमाम स्थानों पर डेरा जमा लिया है। सावन माह के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद में नगर पालिका परिषद ने जल, प्याऊ आदि की व्यवस्था की है। वही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ अनुराग दर्शन, कोतवाल अशोक कुमार पांडे अपने दलबल के साथ रविवार को ही लग गए हैं।
ममरी। सावन के अंतिम सोमवार की पूर्व संध्या पर गंगाजी से कांवड़ लेकर आए जिला बदायूं के कांवड़ियों का ममरी चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। कांवड़ दल में शिव पार्वती के रूप में सजे कांवड़ियों ने डीजे पर चरकुला नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। शिव पार्वती रूप में सजे युवकों के धमाल को देखने के लिए यातायात बाधित रहा। करीब 20 मिनट ठहरने के बाद कांवड़िए जलाभिषेक करने के लिए छोटी काशी के शिव मंदिर को प्रस्थान कर गए।