लखीमपुर खीरी। पीलीभीत में होने वाले मुकाबले से पहले लखीमपुर के वेटरन्स क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा साबित करनी होगी। इसके लिए 30 और 31 अक्तूबर को शहर के रॉयल प्रुडेंस कॉलेज मैदान पर तीन टीमों के बीच अभ्यास मैच खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल कौशल और टीम के तालमेल के आधार पर पीलीभीत जाने वाली टीम का चयन किया जाएगा।
आयोजक व लखीमपुर वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन अभिषेक शुक्ला ने बताया कि एक नवंबर को पीलीभीत वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन और लखीमपुर वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के बीच मुकाबला होगा। इसकी तैयारी के लिए खिलाड़ियों को अभ्यास मैचों में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
दो दिन तक चलने वाले इन मैचों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखा जाएगा। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पीलीभीत में होने वाले मुकाबले के लिए चुना जाएगा। एसोसिएशन का उद्देश्य मजबूत टीम तैयार कर मुकाबले में उतारना है।