अगर आप कुशल श्रमिक हैं, नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए ये सुनहरा मौका है। इस्राइल में युद्ध के बाद उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत निर्माण श्रमिकों की आवश्यकता बताई गई। इसके लिए लखीमपुर खीरी के श्रम विभाग ने आवेदन मांगे हैं। इच्छुक श्रमिकों को भारत सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से रोजगार दिया जाएगा।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण श्रमिक जिनका पंजीकरण श्रम विभाग में है या नहीं है, वे अपना बायोडाटा व आधार कार्ड कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त कलेक्ट्रेट में जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस्राइल में सुरक्षित स्थान पर बिल्डिंग निर्माण से संबंधित कार्य करने वाले श्रमिक जैसे- राजमिस्त्री, टाइल्स कारीगर, शटरिंग कारीगर तथा जाल बनाने वाले कारीगर आदि के कार्यों के लिए राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसको लेकर आवेदन मांगे गए हैं।