लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और लूटे गए चार कुंडल बरामद किए गए हैं। आरोपियों की पहचान शहर की त्रिपाठी कॉलोनी निवासी हिस्ट्रीशीटर दीपक अवस्थी और बृजेश शर्मा निवासी मोहल्ला अयोध्यापुरी के रूप में हुई है।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त और सितंबर में लूट की दो वारदात हुई थीं। पहली घटना आठ अगस्त की शाम को हुई। इसमें थाना मैगलगंज के गांव कल्लुआ मोती निवासी अनीता देवी पत्नी अवधेश कुमार के कुंडल छाउछ के पास से लूट लिए थे। महिला अपने रिश्तेदार के घर पैदल जा रही थी। वहीं, दूसरी वारदात 29 सितंबर को हुई थी।
इसमें लुटेरों ने घरेलू सामान लेकर वापस अपने घर जा रही सरवती देवी कॉलोनी निवासी निर्मला मिश्रा को अपना निशाना बनाते हुए उनके कुंडल लूटे और भाग गए। वारदात के बाद पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस बीच पुलिस को सफलता मिल गई।
कोतवाली प्रभारी का कहना था कि दीपक पर सदर कोतवाली में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली है।