गौरीफंटा। एसएसबी ने मोहाना नदी के जरिए अवैध रूप से भारत से नेपाल ले जाया जा रहा हार्डवेयर और किराना सामान व चार साइकिलों समेत एक नेपाली युवक को पकड़ा है। बरामद माल का सीजर बनाकर कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर थारु ग्राम देवराही एसएसबी कंपनी के सहायक कमांडेंट हरवंश सिंह ने बताया कि एसआई दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल अशरफ खान, वीरेंद्र राठौर, धनंजय सिंह आदि गश्ती टोली ने पिलर नंबर 738 के पास मोहाना नदी जयनगर के सामने खैदाकटान पर भारी मात्रा में साइकिलों पर सामान ले जाते हुए चार लोगों को देखा। जिन्हें रोकने की कोशिश करने पर तीन युवक कैरियर सामान व साइकिल छोड़ कर भाग गये। जबकि एक नेपाली युवक को साइकिल और सामान के साथ पकड़ लिया। बरामद सामान को चौकी पर लाने के बाद उसे खोला गया तो उसमें हार्डवेयर पार्ट्स, चीनी सहित किराना का सामान बरामद हुआ। युवक व साइकिलों समेत बरामद माल का सीजर बनाकर कस्टम पलिया के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद