मैलानी। भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से खीरी के लोगों का चार राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार से रेल संपर्क हो जाएगा। 2532 किलोमीटर लंबी यात्रा वाली यह ट्रेन जिले के यात्रियों के साथ इन राज्यों में रोजगार के लिए जाने वाले मजदूरों और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी सुविधा बढ़ाएगी।
रेल मंत्रालय ने गुजरात के भुज से उत्तर प्रदेश के मथुरा, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर और गोंडा होते हुए बिहार के बरौनी तक त्रैसाप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी दे दी है। भुज से ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 17:30 बजे चलेगी। वापसी में बरौनी-भुज एक्सप्रेस मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को रात 23:55 बजे बरौनी से रवाना होगी। हालांकि, विस्तृत समय सारिणी अभी जारी नहीं की गई है।
ट्रेन से खीरी के लोगों का गुजरात के भुज, समखियाली और अहमदाबाद, मध्य प्रदेश के रतलाम, राजस्थान के कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर तथा उत्तर प्रदेश के मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा और गोरखपुर से संपर्क होगा। बिहार में सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बरौनी तक पहुंच आसान होगी।
रोजगार के लिए जाने वालों को भी राहतः खीरी से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में गुजरात, राजस्थान, बिहार आदि राज्यों में मजदूरी करने जाते हैं। ट्रेन के संचालन से इन राज्यों में आने-जाने वाले मजदूरों को भी सुविधा होगी। छोटी काशी गोला के शिव मंदिर और समस्तीपुर के खुदनेश्वर मंदिर में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।