लखीमपुर खीरी। मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार में खीरी के सांसद अजय मिश्र टेनी को भी 43 मंत्रियों में जगह मिली है। आजादी के बाद से केंद्रीय मंत्रिमंडल में अब तक यहां के तीन सांसदों को जगह मिल चुकी है। लेकिन भाजपा सरकार में यह पहला मौका है, जब जिले के किसी सांसद को मंत्री बनाया गया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में खीरी जिले को अजय मिश्र टेनी के रूप में तीसरी बार प्रतिनिधित्व मिला है। इससे पहले वर्ष 1972 से 1977 तक खीरी सांसद बालगोविंद वर्मा प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री रहे। इसके बाद धौरहरा से कांग्रेस सांसद जितिन प्रसाद मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बने। वह वर्ष 2009 से 2014 तक राज्यमंत्री रहे। उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में सड़क एवं परिवहन के अलावा पेट्रोलियम मंत्रालय का भी कार्य भार संभाला। भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार में अजय मिश्रा टेनी को पहली बार प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। वह खीरी संसदीय क्षेत्र से लगातार दूसरी बार सांसद हैं।
खीरी संसदीय सीट से भाजपा सांसद अजय मिश्र टेनी के मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा उस वक्त शुरू हो गई थी, जब वह मंगलवार की दोपहर दिल्ली पहुंच गए थे। मंगलवार को जब उनके अचानक दिल्ली पहुंचने और केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने पर पर जब सवाल किया गया तो उन्होंने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि वह दिल्ली में लोक लेखा समिति की बैठक में हिस्सा लेने गए हैं। देर रात जब दिल्ली में ही उनकी गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई अनौपचारिक बैठक का हवाला दिया गया तो वह थोड़ा नरम हुए।
अमर उजाला ने मंगलवार को ही मोदी मंत्रिमंडल में उनको शामिल किए जाने की संभावना जताई थी। हालांकि, शपथ लेने से पहले तक भाजपा नेताओं और खुद टेनी के परिवार वालों ने इस बात से परहेज किया। कहा कि उन्हें उतनी ही जानकारी है जितनी कि मीडिया में है। देर शाम जब आधिकारिक लिस्ट जारी होने के बाद उनसे प्रतिक्रिया ली गई तो परिवार समेत भाजपा समर्थकों और नेता सबने उन्हें बधाई दी। कहा कि पीएम मोदी का लखीमपुर को तरजीह देना काबिले तारीफ है। वह सब उनके अनुग्रहीत हैं।
उधर, शाम सात बजे टेनी के शपथ ग्रहण के बाद पूरे जिले में सोशल मीडिया से लेकर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोगों ने सांसद के साथ की पुरानी तस्वीरें शेयर कर उन्हें बधाइयां दीं, जिसका सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
लखीमपुर से भाजपा के हैं तीन बड़े चेहरे
लखीमपुर खीरी से सांसद टेनी के केंद्र सरकार में राज्यमंत्री बनने के बाद यहां से राष्ट्रीय पहचान के तीन बड़े चेहरे हो गए हैं। इससे पहले धौरहरा सांसद रेखा वर्मा को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने से राष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है, जबकि हाल ही में धौरहरा लोक सभा से पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे जितिन प्रसाद भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इस तरह जिले से केंद्रीय स्तर के तीन बड़े चेहरे भाजपा से हैं।
जिले में भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं टेनी
अजय मिश्र टेनी लगातार दूसरी बार खीरी संसदीय सीट से लोक सभा सांसद बने हैं। जिले समेत पड़ोसी जनपदों में भी वह भाजपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं। यूपी कोटे से टेनी को केंद्रीय मत्रिमंडल में शामिल कराने की इसे जानकार भाजपा की रणनीति मान रहे हैं। जानकारों का कहना है कि विधान सभा चुनाव से पहले पहले जितिन प्रसाद के तौर पर ब्राह्मण चेहरा लाया गया और फिर अब ब्राह्मणों को संतुष्ट करने के लिये अजय मिश्र टेनी को आगे किया जा रहा है।