लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताएं शुरू हो गईं। हॉकी (14 वर्ष से कम बालक वर्ग) प्रतियोगिता में 6 टीमों ने भाग लिया। खेलो इंडिया सेंटर टीम विजेता रही, जबकि गुरुनानक इंटर कॉलेज टीम उपविजेता बनी। निर्णायक मंडल में विजय कुमार सिंह, लवकुश, निहाल, संदीप और नंदनी का योगदान रहा।
हैंडबॉल (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता में 7 टीमों ने प्रतिभाग किया। स्टेडियम टीम ने खिताब जीता, जबकि पं. दीनदयाल उपाध्याय (सीबीएसई) टीम उपविजेता रही। निर्णायक मंडल में मोहम्मद शारिफ, विवेक पुरी, अभय, विशाल, आयुष और शुभ्रांशु शामिल रहे।
इससे पहले हर गली, हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान थीम के तहत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण खिलाड़ियों को दिखाया गया। उन्हें फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान विधायक योगेश वर्मा और डीडीओ गजेन्द्र सिंह ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुरस्कार वितरण एसएआई के रिटायर्ड चीफ साइक्लिंग कोच जसमेल सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव मोहम्मद शारिफ (तारा), शारीरिक व्यायाम प्रशिक्षक विवेक गुप्ता, ओमप्रकाश और संजय कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर खेल कार्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
बॉल रेस में यूनिटी हाउस प्रथम
चिल्ड्रेन्स अकादमी में मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में छात्रों ने गिलास रेस, बैलेंसिंग रेस, वाटर रेस में प्रतिभाग कर सभी का मन मोह लिया। बॉल रेस में यूनिटी हाउस प्रथम, ट्रस्ट हाउस द्वितीय व फेथ हाउस तृतीय स्थान पर रहा। स्कीपिंग रेस में एमिटी हाउस प्रथम, फेथ हाउस द्वितीय व यूनिटी हाउस तृतीय रहा। इस अवसर पर प्रबंधिका कुमुद गोविल ने सभी विजेताओं को मेडल पहनाया।
विजेता टीम को मेडल व प्रमाण पत्र वितरित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मोहम्मदी नगर इकाई ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में खो-खो व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। विजेता टीम को मेडल व प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसमें प्रवास पर आए जिला संगठन मंत्री सत्यम, महाविद्यालय प्रचारक अनुपम, गीतांजलि, पूर्व जिला संयोजक अखिल तिवारी, नगर मंत्री प्रद्युमन सिंह, तहसील संयोजक निहाल सिंह मौजूद रहे।