लखीमपुर खीरी। सावन में जिले के नौ प्रमुख घाटों से कांवड़िये जल लेकर शिवालयों के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस ने जिले को पांच जोन, 20 सेक्टर और 63 सब सेक्टर में बांटा है।
दो अपर पुलिस अधीक्षक और आठ क्षेत्राधिकारी (सीओ) समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। घाटों से लेकर कांवड़ मार्गों और शिवालयों तक विशेष निगरानी रखी जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित कुमार राय ने बताया कि वह स्वयं पश्चिमी क्षेत्र के प्रभारी रहेंगे, जबकि पूर्वी क्षेत्र की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम संभालेंगे। सीमावर्ती जिलों के सीओ और थाना प्रभारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।
जिले के नौ प्रमुख घाटों की सुरक्षा के लिए एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों का पालन कराया जाएगा। जरूरत से अधिक ऊंचे डीजे पर रोक रहेगी और ट्रैक्टर-ट्रॉली में दूसरी ट्रॉली नहीं लगाई जाएगी। मार्गों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम की स्थापना भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-
गोला में सोमवार की भीड़ के लिए अलग व्यवस्था
एएसपी अमित कुमार राय ने बताया कि छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ मंदिर में सावन के प्रत्येक सोमवार को गर्भगृह में करीब ढाई से तीन लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ नियंत्रित करने के लिए इस बार ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि श्रद्धालु बाहर से ही भगवान शिव को जल अर्पित कर दर्शन कर सकें। इससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रहेगी और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होगी।
-
देवेश्वरनाथ मंदिर में सावन की तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा
लखीमपुर खीरी। सावन में शिवभक्तों की आस्था के केंद्र प्राचीन श्री देवेश्वरनाथ शिव मंदिर में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बुधवार को सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवकली स्थित मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सीडीओ ने पूरे सावन मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई के लिए स्वच्छता टीम तैनात करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था की निगरानी एडीओ पंचायत करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में वेटिंग एरिया, नए शौचालय और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने पेयजल, दर्शन व्यवस्था और कांवड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ पर्यटन विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बीडीओ को मंदिर परिसर, परिक्रमा पथ और आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई व शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि सावन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। संवाद