मैलानी में खड़ा एसी टूरिस्ट कोच।संवाद
मैलानी। हेरिटेज मीटरगेज ट्रेन के एसी टूरिस्ट कोच से जंगल सफारी लोगों को खूब भा रही है। जुलाई के पहले हफ्ते के दोनों फेरे भी पर्यटकों से फुल हो गए हैं, जबकि जुलाई के चौथे फेरे में रविवार को सिर्फ चार सीटें ही शेष हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मीटरगेज पर मैलानी से बिछिया के बीच एसी टूरिस्ट कोच से रेलवे दुधवा नेशनल पार्क के जंगल की सैर करा रहा है। धीरे-धीरे ही सही टूरिस्ट कोच का क्रेज तेजी से बढ़ा है। जून में कोच के शेष फेरे पर्यटकों से फुल हैं। जुलाई के पहले हफ्ते के दो फेरे पांच और छह जुलाई में भी सीटें नहीं बची हैं। 12 जुलाई के फेरे में अभी फिलहाल 31 सीटें रिक्त हैं। वहीं, 13 जुलाई के फेरे में सिर्फ चार सीट ही खाली हैं। मौजूदा समय में 19 जुलाई के फेरे में 53 और 20 जुलाई के फेरे में 51 सीटें खाली हैं।
0000
साठ लोगों के बैठने की क्षमता
एसी टूरिस्ट कोच में साठ यात्रियों के बैठने की क्षमता है। विस्टाडोम की तर्ज पर बने इस कोच में बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं। इनसे पर्यटक आसानी से जंगल और वन्यजीवों के दीदार कर सकते हैं। एक पर्यटक ने बताया कि उसे जंगल सफारी के दौरान हिरन तो दिखाई दिए, मगर बाघ के दर्शन नहीं हुए।
000
खानपान की सुविधा नहीं
टूरिस्ट कोच से मैलानी से बिछिया तक 107 किमी का सफर है। रास्ते में किसी भी स्टेशन पर खानपान का बेहतर इंतजाम नहीं है और न ही कोच में ऐसी कोई व्यवस्था है। एक पर्यटक ने कहा कि रेलवे की ओर से कोच में खानपान की सुविधा हो जाए तो और अच्छा रहेगा।