लखीमपुर खीरी। राजापुर स्थित आईटीआई में सोमवार से शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो गई। कॉलेज में छह से अधिक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें एआई भी शामिल है। सोमवार को पहले दिन सुबह से हो रही बारिश की वजह से विद्यार्थियों की संख्या थोड़ी कम रही।
आईटीआई के नोडल अधिकारी ने बताया कि इस बार प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की गई थी। आईटीआई में फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक रेफ्रीजरेशन, इलेक्ट्राॅनिक मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, वायरमैन, मैकेनिक ट्रैक्टर, वेल्डर सहित कुल 12 ट्रेड के कोर्स कराए जाते हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो गई है। आने वाले दिनों में शत-प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थित होंगे।
टाटा की एआई ट्रेड्स की शुरुआत के बाद विद्यार्थियों को भविष्य की औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। एमपीसीए में छात्रों को उत्पादन प्रक्रिया को नियंत्रित करने और ऑटोमेशन तकनीक की गहरी जानकारी दी जा रही है।
मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल के तहत छात्र इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत और तकनीकी संचालन सीखेंगे। आर्टिशन यूजिंग एडवांस टूल ट्रेड में युवाओं को नई मशीनरी और उन्नत औजारों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।