भीषण गर्मी में रात की बिजली कटौती बनी मुसीबत
रोस्टर भी हुआ फेल, अघोषित बिजली कटौती बढ़ी
शहर में नहीं मिल पा रही 20 घंटे बिजली
कुछ दिनों से हो रही भीषण गर्मी के साथ ही शहर और देहात में बिजली कटौती बढ़ गई है। बिजली सप्लाई के रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शहर में रात को एक बजे से तीन बजे तक की जाने वाली बिजली कटौती के रोस्टर ने आम लोगों की मुसीबतें बढ़ा रखी हैं। दिन-भर के थके हारे और भीषण गर्मी से बेहाल लोग रात में भी सो नहीं पा रहे हैं।
मौजूदा समय में लागू रोस्टर के मुताबिक दिन में दोपहर दो से चार बजे तक और रात में एक से तीन बजे तक बिजली कटौती की जानी है। इसके उलट पिछले एक सप्ताह से दिन और रात में बिजली कटौती का समय अघोषित तौर पर बढ़ा दिया गया है। मसलन दिन और रात में तीन से चार घंटे तक अघोषित कटौती बढ़ा दी गई है। ऐसा मुरादाबाद कंट्रोल रूम से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार किया जाता है। इसके अलावा ट्रांसफार्मर फुंकने के मामले अचानक बढ़ गए हैं। तो जर्जर तारों के टूटने का सिलसिला नहीं थम रहा है। इस सप्ताह की बिजली सप्लाई पर नजर डालें तो शनिवार और रविवार को जमकर बिजली कटौती की गई। शनिवार की रात को एक से तीन बजे तक कटौती के बाद रविवार की सुबह 4.10 बजे से 6.05 बजे तक बिजली कटौती हुई, जिससे लोग बिलबिला उठे। रात को अच्छी नींद आने के समय बिजली चले जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जेई डीएस चौधरी ने बताया कि गर्मी बढने के चलते लाइनों पर लोड बढ़ गया है, जिससे तार टूटने और ट्रांसफार्मर फुंकने के मामले बढ़े हैं।