लखीमपुर खीरी। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बृहस्पतिवार को नकहा ब्लाक के चाऊपुर के प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन व वृहद स्थाई गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई अनियमितताएं मिलने पर सीडीओ ने लापरवाहों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पंचायत भवन के निरीक्षण में पंचायत सहायक नवरात्रि सिंह के रजिस्टरों एवं अभिलेखों में कई खामियां मिली। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को सही कर एक सप्ताह में रिपोर्ट दें। साथ ही सचिव अंजलि भास्कर एवं प्रधान को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को जागरूक कर पात्र व्यक्तियों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए।
इधर, आंगनबाड़ी केंद्र निरीक्षण में पता चला कि सहायिका रामदेवी कई दिनों से लगातार गैर हाजिर है। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित सहायिका के विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र पर बच्चों की उपस्थिति कम होने पर असंतोष व्यक्त किया।
सीडीओ ने बीमार एवं नवजात गोवंश को अलग रखने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक मिली। बच्चों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछकर शिक्षा स्तर का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान पीडी सोमनाथ चौरसिया, बीडीओ संगीता यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।