लखीमपुर खीरी के पसगवां थाने के एक दरोगा का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह जाति विशेष पर अभद्र टिप्पणी करते सुने जा रहे हैं। इसके बाद दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां में तैनात एक दरोगा का सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में वह जाति विशेष के बारे में अशोभनीय टिप्पणी करते हुए सुने जा रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद उक्त समाज में आक्रोश है। वहीं दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
विज्ञापन
वायरल ऑडियो दरोगा राघवेंद्र सिंह का बताया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराने की बात कही है। बताया जा रहा है कि किसी मामले को लेकर महिला प्रधान से दरोगा बात कर रहे हैं। बातचीत में दरोगा ने अपनी जाति बताते हुए कहा कि वह बदतमीज किस्म के आदमी हैं। अच्छे के लिए अच्छे हैं। जाति विशेष के पैर छूते हैं, लेकिन पैर पकड़कर पटकना भी पसंद करते हैं।
'रात दो बजे घर में घुसेंगे'
किसी मामले को लेकर कहते सुने जा रहे हैं कि उन्होंने कह दिया है- अगर दस बजे नहीं आए तो रात दो बजे घर में घुसेंगे। औरतों-बच्चों को बेइज्जत भी करेंगे और उठाकर ले जाएंगे। जिससे कहना हो कह देना। 36 सेकेंड के इस ऑडियो को सुनने के बाद लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं।
सीओ मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वायरल ऑडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। ऑडियो में एक महिला ग्राम प्रधान और दरोगा राघवेंद्र की आवाज बताई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।